
कहानी बदलाव की: सुशासन की सरकार में सेवा संकल्प से सेवा सेतु तक, बदल रही है प्रशासन की तस्वीर
साजा में तत्काल बना केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र, आवेदक ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का जताया आभार
बेमेतरा, 16 सितंबर 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जब पूरा देश 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को दोहरा रहा है, उसी संकल्प की एक सजीव तस्वीर बेमेतरा जिले के साजा अनुविभाग में देखने को मिली है। यह तस्वीर है मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में स्थापित हुई सुशासन की सरकार की।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी की मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आम नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति दिलाने और शासकीय कार्यों में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘सेवा सेतु पोर्टल‘ के बेहतरीन परिणाम अब जमीनी स्तर पर दिख रहे हैं और यह सेवा संकल्प अभियान की मूल भावना को ही चरितार्थ कर रहा है।
चिंता लेकर आए थे प्रकाश, खुशी लेकर लौटे
साजा अनुविभाग के अंतर्गत ऐसी ही बदलाव की एक कहानी ग्राम हाथीडोब के निवासी श्री प्रकाश कुमार साहू की है। श्री साहू अपनी पत्नी श्रीमती लता साहू का केंद्रीय प्रारूप वाला जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए साजा एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे। श्रीमती लता साहू के पास उनके पैतृक ग्राम हाथीडोब से जारी स्थायी जाति प्रमाण पत्र तो था, लेकिन आगामी केंद्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने के लिए उन्हें केंद्रीय प्रारूप के प्रमाण पत्र की अति शीघ्र आवश्यकता थी। उन्हें डर था कि इस प्रक्रिया में कई दिन लग जाएंगे।
लेकिन साजा एसडीएम कार्यालय में उनका अनुभव बिल्कुल अलग रहा। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के मार्गदर्शन में जिले में सेवा सेतु पोर्टल को बेहद प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनकी पूरी सहायता की। सेवा सेतु पोर्टल की सुगम प्रणाली के माध्यम से पहले उनका आय प्रमाण पत्र तत्काल जारी किया गया और उसके तुरंत बाद उनका केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र भी तत्काल बनाकर उन्हें सौंप दिया गया।
सुशासन की सरकार में हो रहा है आम आदमी का सम्मान
इतनी त्वरित और सम्मानजनक सेवा मिलने पर आवेदक श्री प्रकाश कुमार साहू ने अत्यंत खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी कामों को लेकर मन में एक अलग धारणा थी, लेकिन आज की सेवा ने वह धारणा पूरी तरह बदल दी। यह स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि प्रदेश में सुशासन की सरकार है, जहां आम आदमी का सम्मान हो रहा है और उसके काम तत्काल हो रहे हैं।
सेवा सेतु पोर्टल की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि यह नई डिजिटल व्यवस्था आम जनता के लिए बेहद सुविधाजनक है। इससे न केवल समय और धन दोनों की बचत होती है, बल्कि प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी है और बिना किसी परेशानी के काम हो जाता है।
श्री साहू ने इस कार्यकुशलता और त्वरित सेवा के लिए प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी, जिला प्रशासन बेमेतरा, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) साजा सहित उनके पूरे स्टाफ का सहृदय धन्यवाद ज्ञापित किया है।



