छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

तकनीक के पंखों से आत्मनिर्भरता की उड़ान, ड्रोन दीदी हेमलता मनहर बोलीं – बहनों के सम्मान में निरंतर काम कर रहे हैं विष्णु भैया…..

रायपुर: जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पोड़ी की निवासी श्रीमती हेमलता मनहर आज आधुनिक कृषि तकनीक और महिला आत्मनिर्भरता की मिसाल बन चुकी हैं। कभी घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित रहने वाली हेमलता ने नमो ड्रोन दीदी योजना से जुड़कर अपने जीवन को नई दिशा दी और आज पूरे क्षेत्र में सम्मान से ‘ड्रोन दीदी’ के नाम से पहचानी जाती हैं।

नमो ड्रोन दीदी योजना के माध्यम से श्रीमती हेमलता किसानों के खेतों में ड्रोन द्वारा नैनो उर्वरक एवं कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कर आधुनिक कृषि को बढ़ावा दे रही हैं। तकनीक के उपयोग से किसानों का समय और श्रम बचाने के साथ-साथ वे स्वयं भी रोजगार का सशक्त माध्यम तैयार कर चुकी हैं। उनकी मेहनत और आत्मविश्वास ने गांव की अनेक महिलाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।

श्रीमती हेमलता बताती हैं कि ड्रोन के माध्यम से कृषि कार्य करने पर उन्हें प्रतिवर्ष लगभग 1 से 2 लाख रुपये तक की आय हो रही है। इस आय से वे परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ बच्चों की शिक्षा में भी सहयोग कर रही हैं। उनके अनुसार आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ समाज में मिली पहचान उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

नमो ड्रोन दीदी योजना ने जहां उन्हें सम्मानजनक रोजगार का अवसर दिया, वहीं महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता रोजमर्रा की जरूरतों में संबल प्रदान कर रही है। ऐसी योजनाओं से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ने के साथ निर्णय लेने की क्षमता भी मजबूत हो रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए श्रीमती हेमलता मनहर ने कहा कि हमारे विष्णु भैया बहनों के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। शासन की योजनाओं ने महिलाओं को आगे बढ़ने, आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को साकार करने का अवसर दिया है।

Related Articles

Back to top button